ग्वालियर: प्राकृतिक आपदा की कठिन घड़ी में मानवता के साथ खड़े होने का अनूठा उदाहरण मोहना क्षेत्र के मुस्लिम समाज ने पेश किया है। थाना प्रभारी मोहना रशीद खान की उपस्थिति में गुरुद्वारे मोहना प्रभारी को एक लाख पच्चीस हजार रुपये की नकद सहायता प्रदान की गई। समाज के लोगों ने न केवल आर्थिक मदद दी बल्कि बाढ़ पीड़ितों की सलामती और सुख-समृद्धि के लिए दुआएँ भी कीं।
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ ने कई परिवारों को बेघर कर दिया और जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। ऐसे समय में शाही इमाम हजरत मौलाना मोहम्मद उस्मान लुधियानवी द्वारा मदद की अपील ने मोहना क्षेत्र के लोगों को आगे बढ़कर राहत देने के लिए प्रेरित किया। गुरुद्वारा समिति के प्रमुख ने सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि बाढ़ पीड़ितों तक पहुँचाई जाएगी, ताकि संकट की इस घड़ी में उन्हें राहत मिल सके।
इस मौके पर हाजी सरफराज उद्दीन, हाजी सलीम खान, हाजी फ़ज़ल खान, टी आई रशीद खान, मुस्तर खान जोनी, डॉ शगीर खान, रहीश खान, निशार अहमद फारूकी, अब्दुल गनी (उपाध्यक्ष नगर परिषद मोहना) सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। थाना प्रभारी रशीद खान ने कहा कि यह पहल समाज में आपसी भाईचारे और सेवा की भावना को बढ़ावा देती है।
