इंदौर:भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत इंदौर लोकायुक्त टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुलिस उपनिरीक्षक को 1 लाख की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया. अधिकारी ने आवेदक को हत्या के केस में फंसाने की धमकी देकर पैसों की मांग की थी. आरोपी से पूछताछ की जा रही है.लोकायुक्त मुख्यालय से मिले निर्देशों के बाद इंदौर इकाई ने सोमवार को ट्रैप की कार्यवाही को अंजाम दिया.
लोकायुक्त पुलिस की अधिकारिक जानकारी के अनुसार एक सुरक्षा कंपनी से जुड़े प्रबंधक ने शिकायत की थी कि थाना आजाद नगर में पदस्थ उपनिरीक्षक ने उसके पिता को हत्या के मामले में फंसाने की धमकी दी थी. रिश्वत नहीं देने पर उसके पिता को प्रकरण में आरोपी बना दिया. इसके बाद आरोपी अधिकारी ने केस में राहत देने और आगे कठोर कार्रवाई न करने के एवज में 1.50 लाख की रिश्वत की मांग की.
आवेदक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक को की. सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद सोमवार को ट्रैप की योजना बनाई. योजना के तहत जब आवेदक ने 1 लाख की रिश्वत अधिकारी को सौंपी, तभी लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए अधिकारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
