
शुजालपुर।मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में जहां सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है. वहीं मालवा अंचल के कुछ जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है. शुजालपुर अनुविभाग में बारिश का आंकड़ा अभी काफी पीछे है. मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शुजालपुर तहसील में सामान्य से 33 प्रतिशत बारिश कम हुई है, तो पोलायकलां व अवंतिपुर बड़ोदिया तहसील क्षेत्र की स्थिति काफी खराब है.
पोलायकलां तहसील में सामान्य से 60 प्रतिशत और अवंतिपुर बड़ोदिया तहसील क्षेत्र में सामान्य से 63 प्रतिशत बारिश कम हुई है. बारिश की विदाई सितंबर माह के दूसरे या तीसरे सप्ताह में मानी जाती है. यदि भविष्य में मानसून की मेहरबानी नहीं हुई, तो यह वर्ष कैसे निकलेगा. यह चिंता का विषय है. विगत तीन-चार दिनों से क्षेत्र में तापमान भी बढ़ रहा है और अभी आगे बारिश के कुछ आसार भी नजर नहीं आ रहे. जलाशयों की स्थिति भी उतनी अच्छी नहीं है, जितनी होना चाहिए. शुजालपुर अनुविभाग में वर्षभर की बारिश का सामान्य आंकड़ा 980 एमएम के आसपास माना जाता है, जबकि अभी तक शुजालपुर तहसील क्षेत्र में 654 एमएम बारिश दर्ज हुई है, गत वर्ष इस अविध तक 833 एमएम बारिश हो गई थी. उधर, पोलायकलां तहसील क्षेत्र में 382 एमएम व अवंतिपुर बड़ोदिया तहसील क्षेत्र में 360 एमएम बारिश दर्ज हुई है. अल्प वर्षा की स्थिति के चलते सोयाबीन फसलों को तो नुकसान हुआ है और आगे पानी नहीं बरसा, तो रबि फसल की बुआई करना भी मुश्किल हो जाएगा.
पेयजल के लिए सरंक्षण जरूरी…
क्षेत्र में सामान्य बारिश के बाद भी शुजालपुर नगर में लगभग हर वर्ष ग्रीष्मकाल के दौरान भीषण जलसंकट उत्पन्न होता है. ऐसे में सामान्य से 33 प्रतिशत बारिश कम रही, तो हालात किस तरह के निर्मित होंगे, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है. मानसून की समाप्ति को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय ने जल संसाधन विभाग एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उनके क्षेत्र अधिकारी के समस्त बंधानों, चैक डेम आदि के कडी शटर लगाकर गेट बंद कर दें, जिससे की ग्रीष्मकाल के लिए जल संरक्षण किया जा सके.
बामनघाट के गेट लगाने की तैयारी…
शुजालपुर नगर में पेयजल की आपूर्ति नेवज नदी पर बने बामनघाट के माध्यम से होती है. वैसे तो नगर पालिका के अधीन नांदासुरा बांध भी है, लेकिन यहां से फिल्टर प्लांट तक पानी को लाने वाली पाईप लाईन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसके चलते पाईप लाईन के माध्यम से नांदासुरा से पानी शहर में नहीं आ पाता है. नगर पालिका नांदासुरा बांध के गेट खोलकर पानी बामनघाट तक लाती है. वर्तमान स्थिति को देखते हुए नगर पालिका ने बामनघाट बांध के गेट लगाने की तैयारी शुरू कर दी है. नेवज नदी में बामनघाट पर डेम की स्लेप पर 2 फीट पानी है और नदी में अभी बहाव बना हुआ है. इसके चलते गेट लग जाने पर डेम लबालब हो सकता है. नगर पालिका अमले ने गत दिवस बांध स्थल पर सफाई का कार्य किया. यहां पर पर विसर्जित की गई प्रतिमाएं व लकडिय़ां जमा हो गई थी. अल्पवर्षा की स्थिति को देखते हुए निकाय को इस वर्ष काफी सजग रहना होगा, जिससे ग्रीष्मकाल में गंभीर जलसंकट की स्थिति निर्मित ना हो.
