
शाजापुर।शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के बालिका छात्रावास की बालिकाओं ने महिला थाने का भ्रमण कर महिलाओं से संबंधित कानूनों तथा बालिकाओं के अधिकारों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को कानूनों के प्रति जागरूक करना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना था.
भ्रमण के दौरान महिला थाना प्रभारी श्रीमती आशा सोलंकी द्वारा छात्राओं को विस्तार से बताया गया कि महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा हेतु कई कानून बनाए गए हैं. जैसे घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, साइबर क्राइम आदि. थाने में पदस्थ श्रीमती मंजुला चौहान ने बच्चों को समझाया कि यदि किसी महिला या बालिका के साथ किसी प्रकार का शोषण या अन्याय होता है, तो उसे चुप नहीं रहना चाहिए और कानूनी सहायता अवश्य लेनी चाहिए. बालिकाओं को यह भी बताया गया कि वे अपने अधिकारों के लिए शिकायत कर सकती हैं. पुलिस द्वारा सहायता प्रदान की जाती है और जरूरत पडऩे पर परामर्श, कानूनी सहायता तथा पुनर्वास जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं. छात्राओं ने जानकारी प्राप्त करते समय अपने सवाल पूछे और महिला पुलिस अधिकारी ने धैर्यपूर्वक उनका समाधान किया. इससे छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें महसूस हुआ कि वे किसी भी कठिन परिस्थिति का सामना कर सकती हैं.
आत्मरक्षा से संबंधित उपायों पर की चर्चा…
महिला थाने में कानूनों की जानकारी के साथ-साथ आत्मरक्षा से संबंधित उपायों पर भी चर्चा की गई. छात्राओं को बताया गया कि स्वयं की सुरक्षा हेतु सतर्क रहना आवश्यक है. साथ ही यह भी समझाया गया कि किसी भी तरह के मानसिक तनाव या भय की स्थिति में परामर्श लेना चाहिए. इस भ्रमण ने छात्राओं को महिलाओं की स्थिति, उनके अधिकार, सरकारी योजनाओं और सुरक्षा के उपायों के बारे में जागरूक किया. साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि वे अपने परिवार और समाज में जागरूकता फैलाकर अन्य बालिकाओं और महिलाओं की मदद कर सकती हैं. भ्रमण के दौरान शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय से शिक्षक ओमप्रकाश पाटीदार, बालिका छात्रावास वार्डन श्रीमती ज्योति धाकड़ एवं श्रीमती भारती चौहान उपस्थित थे. पुलिसकर्मियों ने विद्यालय प्राचार्य प्रवीण कुमार मंडलोई ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे कार्यक्रम और आयोजित किए जाएंगे, ताकि छात्राओं को हर क्षेत्र में आगे बढऩे का अवसर मिले.
