नई दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस के बाहरी दिल्ली की सतर्क गश्ती टीमों ने अवैध जुआ कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हज़ारों रुपए नकद और जुआ-सामग्री बरामद कर ज़ब्त की है। सभी मामलों में दिल्ली पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
उपायुक्त सचिन शर्मा ने शनिवार को बताया कि अपराध पर नकेल कसने और क़ानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार विशेष गश्त और रेड अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राज पार्क और सुल्तानपुरी थानों की पुलिस टीमों ने अलग-अलग अभियानों में कार्रवाई की।
राज पार्क थाना पुलिस ने मंगलपुरी और सुल्तानपुरी इलाके में छापेमारी कर सात आरोपियों को पकड़ा, जबकि सुल्तानपुरी थाना पुलिस ने ई-ब्लॉक और सी-ब्लॉक से चार आरोपियों को दबोचा। सभी आरोपियों की उम्र 19 से 50 वर्ष के बीच है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों में दीपक उर्फ किस्सू, हर्ष, पवन, मनोज, तसलीम, नसीम, राजपाल, अरुण, सुनील उर्फ सन्नू, परवीन कुमार समेत अन्य शामिल हैं।
बरामदगी में हज़ारों रुपये नकद और जुआ से संबंधित सामान जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
