सरकार हर जरुरी परियोजना को प्राथमिकता से आगे बढायेगी: रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, 12 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा सुझाए गए किसी भी कार्य को रोका नहीं जाएगा और सरकार हर जरूरी परियोजना को प्राथमिकता से आगे बढ़ाएगी।

श्रीमती गुप्ता ने शुक्रवार को दक्षिण दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायकों और पार्षदों के साथ समीक्षा बैठक के बाद कहा कि राजधानी में विकास परियोजना से संबंधित किसी भी प्रकार की देरी या टाल-मटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य एक समान मानक संचालन प्रक्रिया के तहत ही पूरे किए जाएंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री ई-पोर्टल पर अपलोड की जाए। उन्होंने बताया कि लगभग हर विधानसभा क्षेत्र में दिल्ली अर्बन शेल्टर इंप्रूवमेंट बोर्ड (ड्यूसिब) के लिए 10 से 16 करोड़ रुपये का फंड जारी किया गया है और सभी कार्य अब ई-फाइल प्रणाली के माध्यम से किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जनता की बुनियादी समस्याएं जैसे पानी, सीवर, नालियां, गलियां, सड़कें और पार्क को तत्काल हल किया जाना चाहिए। उन्होंने सांसद, विधायक और पार्षदों के बीच आपसी समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी कार्य की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने आश्वस्त किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा सुझाए गए किसी भी कार्य को रोका नहीं जाएगा और सरकार हर जरूरी परियोजना को प्राथमिकता से आगे बढ़ाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि दिल्ली सरकार 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा पखवाड़ा मनाएगी। इस दौरान पूरे शहर में स्वास्थ्य शिविर, दान शिविर और स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे।

Next Post

मोदी ने 'ज्ञान भारतम्' पोर्टल का किया शुभारंभ

Fri Sep 12 , 2025
नयी दिल्ली, 12 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के विज्ञान भवन में ‘ज्ञान भारतम्’ पोर्टल का शुभारंभ किया। ‘ज्ञान भारतम्’ पोर्टल में देश की प्राचीन ज्ञान परंपरा का संजोने वाली एक करोड़ से अधिक पांडुलिपियों का संरक्षण और उसका डिजिटिलकरण किया गया है। इस अवसर […]

You May Like