
छतरपुर। हत्या की कोशिश के मामले में जेल में बंद कैदी रविंद्र सिंह परिहार जिला अस्पताल से फरार हो गया। वारदात बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात की है। हैरानी की बात यह रही कि भागते समय वह सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी की रायफल भी अपने साथ ले गया। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल में ड्यूटी कर रहे चार पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया।
देरी गांव का रहने वाला रविंद्र परिहार ओरछा थाना का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। 18 नवंबर 2024 को मातगुवां थाना क्षेत्र के वेयरहाउस में पुलिस ने उसे घेर लिया था। उस समय उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था। तब से वह जेल में था। 9 सितंबर को कोर्ट के आदेश पर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय वार्ड में तैनात पुलिसकर्मी सो रहे थे। इस बीच रविंद्र ने एक गार्ड की जेब से चाबी निकाल ली और ताला खोलकर बाहर निकल गया। उसने जाते-जाते एक पुलिसकर्मी की रायफल भी उठा ली। पुलिस फिलहाल अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वहीं जानकारी मिली है कि छत्रसाल चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे पिछले दो महीने से खराब पड़े हैं।
