भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री मुकेश नायक ने भाजपा युवा मोर्चा नेता का आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के मामले पर भाजपा पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा बार-बार संस्कार और महिलाओं के सम्मान की बातें करती है, लेकिन उनके ही नेता अश्लील हरकतों में पकड़े जा रहे हैं।
नायक ने कहा, “यह वही भाजपा है, जो मंचों से संस्कारों की दुहाई देती है। लेकिन जब इनके युवा मोर्चा के पदाधिकारी महिलाओं के साथ अशोभनीय हरकत करते हैं, तब पार्टी का असली चेहरा उजागर हो जाता है।”
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री जीत निशोदे का महिला मित्र के साथ आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ है। इस घटना ने पार्टी की छवि को धूमिल किया, जिसके चलते भाजपा को तत्काल उन्हें पद और प्राथमिक सदस्यता से हटाना पड़ा। कांग्रेस का कहना है कि यह भाजपा के भीतर व्याप्त नैतिक गिरावट को दर्शाता है।
नायक ने भाजपा पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि हाल ही में जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महिलाओं की असुरक्षा और नशे के बढ़ते प्रभाव का मुद्दा उठाया था, तब भाजपा नेताओं ने उन्हें कटघरे में खड़ा किया।
लेकिन अब खुद उनके नेता महिलाओं का अपमान करते हुए सामने आ रहे हैं।उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा नेतृत्व से सवाल किया कि क्या वे केवल दिखावटी कार्रवाई करेंगे या पार्टी की कार्यशैली में सुधार भी करेंगे।कांग्रेस ने साफ कहा कि वह हमेशा महिलाओं की गरिमा और सम्मान की पक्षधर रही है। भाजपा नेताओं की हरकतें न सिर्फ समाज में गलत संदेश देती हैं बल्कि प्रदेश की महिलाओं के लिए असुरक्षा का माहौल भी पैदा करती हैं।नायक ने चेतावनी दी कि कांग्रेस भाजपा के इस पाखंड और दोहरे चरित्र को जनता के बीच लगातार उजागर करती रहेगी।
