इंदौर: कारोबारी चिराग जैन की हत्या के आरोपी उसके पूर्व बिजनेस पार्टनर विवेक जैन को कनाडिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आरोपी 17 दिन से फरार था और उज्जैन, दिल्ली, हरिद्वार, ऋषिकेश, मथुरा व राजस्थान के करौली में छिपता रहा. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तिलक नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे पकड़ा.
थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि विवेक जैन (40) निवासी तिलक नगर, मृतक चिराग का 12 साल से पार्टनर था.दोनों रिलैकिलर नाम से फर्म चलाते थे, लेकिन विवाद के चलते साझेदारी टूट गई. इसी रंजिश में 23 अगस्त की सुबह विवेक ने चिराग के कनाडिया स्थित फ्लैट पर चाकू से कई वार कर हत्या कर दी और मोबाइल फेंककर फरार हो गया.
गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सहर्ष यादव समेत पुलिस और साइबर टीम की विशेष भूमिका रही. अधिकारियों ने टीम की सराहना की और कहा कि शहर में गंभीर अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
