तेल और खनिज संपदा को कब्ज़ाने के लिए अमेरिका का नशीली दवाओं का बहाना: वेनेजुएला दवाओं के खिलाफ युद्ध का बहाना

काराकास, 09 सितंबर (वार्ता) वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिका पर देश की विशाल तेल और खनिज संपदा पर कब्ज़ा करने के प्रयास का आरोप लगाया है।

श्री मादुरो ने कहा कि अमेरिका अपनी इस कोशिश को मादक पदार्थ विरोधी अभियानों के नाम पर छिपा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि काराकस इस तरह के किसी भी अभियान के खिलाफ अपनी संप्रभुता की रक्षा करेगा।

श्री मादुरो ने दावा किया कि कैरिबियन क्षेत्र में अमेरिका का सैन्य विस्तार मादक द्रव्यों की तस्करी रोकने नहीं बल्कि वेनेज़ुएला के प्राकृतिक संसाधनों को हड़पने के लिये है। उन्होंने आरटी को बताया, “हमारे पास पूरे कैरिबियन बेसिन में फैला चौथा सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस भंडार है, यही वजह है कि उन्होंने अपने जहाज वहां भेजे। हमारे पास संभवतः दुनिया का सबसे बड़ा सोने का भंडार है। और इतना ही नहीं—तीन करोड़ हेक्टेयर उपजाऊ भूमि और पानी भी है।”

श्री मादुरो ने आगे कहा कि नई निकासी तकनीकों की बदौलत वेनेज़ुएला के तेल भंडार में और वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि इन संसाधनों ने उनकी सरकार पर अमेरिका का दबाव बढ़ा दिया है।

यह टिप्पणी श्री मादुरो द्वारा वेनेज़ुएला के तट पर 25,000 अतिरिक्त सैनिकों को तैनात करने के आदेश के बाद आई है, ताकि क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य उपस्थिति में वृद्धि का मुकाबला किया जा सके। उन्होंने कहा, ” इस तैनाती का लक्ष्य राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा, सुरक्षा सुनिश्चित करना है।”

हाल के हफ़्तों में अमेरिका ने कैरिबियन में अपनी नौसैनिक उपस्थिति का उल्लेखनीय विस्तार किया है, और ड्रग कार्टेलों को निशाना बनाने के नाम पर युद्धपोत और पनडुब्बियां भेजी हैं। अमेरिकी मीडिया ने प्रशासनिक सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेज़ुएला की धरती पर कार्टेल से जुड़े ठिकानों पर हमले के विकल्पों पर विचार किया है।

श्री मादुरो ने मादक पदार्थों की तस्करी में अपनी संलिप्तता के अमेरिकी आरोपों का बार-बार खंडन करते हुये कहा, “अपने बहानों के बावजूद, वे हमारे तेल, हमारी गैस, हमारे सोने और हमारी ज़मीन पर नियंत्रण चाहते हैं,” ।

गौरतलब है कि श्री ट्रम्प ने सैन्य तैनाती का बचाव करते हुए कहा, “वेनेज़ुएला से आने वाले नशीले पदार्थों के कारण हज़ारों अमेरिकी मारे गये हैं।”

इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी सेना द्वारा वेनेज़ुएला के तट पर एक जहाज पर हमला करने के बाद तनाव बढ़ गया था। अमेरिका ने कहा था कि यह जहाज ट्रेन डे अरागुआ गिरोह द्वारा संचालित था। व्हाइट हाउस ने इस समूह को एक विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया है। इस घटना में ग्यारह लोग मारे गये थे। अमेरिका ने श्री मादुरो की गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देने वाले पर 5 करोड़ डॉलर का इनाम भी रखा है। उन पर कार्टेल डे लॉस सोल्स नामक एक संदिग्ध नेटवर्क का नेतृत्व करने का आरोप है, जो कथित तौर पर नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल है। इस कदम के बाद सैन्य गतिविधियां बढ़ गई हैं, और हाल ही में वेनेज़ुएला के लड़ाकू विमानों ने अपने तट पर तैनात अमेरिकी नौसैनिक जहाजों के पास उड़ान भरी है।

Next Post

थाईलैंड के सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन को अस्पताल से वापस जेल भेजने का आदेश दिया

Tue Sep 9 , 2025
बैंकॉक, 09 सितंबर (वार्ता) थाईलैंड के सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को फैसला सुनाया कि पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनावात्रा(76) को अस्पताल में अवैध रूप से हिरासत में रहने की अनुमति दी गई थी और उन्हें अपनी सजा पूरी करने के लिए वापस जेल ही जाना होगा। न्यायालय के आपराधिक प्रभाग ने […]

You May Like