
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश टोली के साथ बैठक कर आगामी सेवा पखवाड़ा अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से लेकर 02 अक्टूबर गांधी जयंती तक पूरे प्रदेश सहित देश भर में चलाया जाएगा।
बैठक में सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग पहुँचाने का माध्यम है। उन्होंने युवा मोर्चा पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस मौके पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार सहित प्रदेश टोली के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने संकल्प लिया कि वे सेवा पखवाड़ा को सफल बनाने में अपनी पूरी ऊर्जा और सक्रियता झोंकेंगे, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचे और पार्टी की सेवा भावना मजबूत हो।
