
नयी दिल्ली, 09 सितंबर (वार्ता) भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने डाना इनकॉर्पोरेटेड के ऑफ-हाइवे व्यवसाय (डाना ओएच) के अधिग्रहण को मंजूरी प्रदान कर दी है। डाना ओएच का अधिग्रहण एलिसन ट्रांसमिशन होल्डिंग्स द्वारा किया जायेगा।
आयोग ने मंगलवार को बताया कि उसने इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है।एलिसन वाहनों के लिए प्रणोदन समाधान, ट्रांसमिशन और बिजली पर आधारित प्रणोदन प्रणालियों का डिजाइन और निर्माण करती है। उसके अधिकांश उत्पाद वाणिज्यिक वाहनों में उपयोग किए जाते हैं जो आम तौर पर राजमार्गों पर चलते हैं, और उनमें से केवल एक छोटा सा हिस्सा ऑफ-हाइवे वाहनों (जैसे निर्माण, वानिकी, खनन, कृषि और अन्य औद्योगिक उद्देश्यों के लिए प्रयुक्त वाहन) में उपयोग किया जाता है।
एलिसन का मुख्यालय अमेरिका के इंडियाना प्रांत में इंडियानापोलिस में है। वह 150 से अधिक देशों में कारोबार करती है। एलिसन की भारत में एक सहायक कंपनी एलिसन ट्रांसमिशन इंडिया है।
डाना इनकॉर्पोरेटेड भी एक अमेरिकी कंपनी है जिसका मुख्यालय न्यू जर्सी में है। डाना ओएच ऑफ-हाइवे ड्राइवट्रेन, ट्रांसमिशन और प्रोपल्शन समाधानों के निर्माण और आपूर्ति में विशेषज्ञता रखती है और विविध उद्योगों को सेवाएं प्रदान करती है। उसका कारोबार 25 से ज्यादा देशों में फैला है और उसके पास वैश्विक ग्राहक आधार है। कई देशों में उसकी विनिर्माण सुविधाएं हैं।
भारत में डाना की तीन सहायक कंपनियां प्रस्तावित लेनदेन का हिस्सा हैं। इनमें ग्राजियानो ट्रांसमिशन इंडिया, डाना इंडिया और डाना इंडिया टेक्निकल सेंटर शामिल हैं।
