इंदौर:शहर में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही खजराना पुलिस ने सोमवार रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. पुलिस ने दो युवकों को दबोचकर उनके कब्जे से 12.2 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स और एक बर्गमेन स्कूटी जब्त की है. जप्त माल की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई जा रही है.अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त झोन 02 अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव के नेतृत्व में गठित टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी.
वाघेला गार्डन के पास संदिग्ध हालत में खड़े दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे. घेराबंदी कर पकड़े जाने पर उनके पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 18 वर्षीय अल्फेज पिता रफीक अंसारी निवासी माताजी मंदिर के पास, आजाद नगर और 23 वर्षीय मोहम्मद जाफर पिता रफीक शाह निवासी मदीना मस्जिद के पास, आजाद नगर के रूप में हुई है.
अल्फेज 10वीं तक पढ़ा लिखा है और कपड़े की दुकान संभालता है, जबकि जाफर रिक्शा चलाता है. दोनों ने कबूल किया कि वे नशे के आदि हैं और जल्दी पैसे कमाने के लिए ड्रग्स की खरीद-बिक्री में शामिल हुए. बरामद एमडी ड्रग्स की कीमत 1.20 लाख रुपए और स्कूटी की कीमत 30 हजार रुपए से अधिक है. आरोपियों के खिलाफ थाना खजराना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ कर सप्लाई नेटवर्क और अन्य साथियों की जानकारी जुटाई जाएगी. इंदौर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर शहरभर में अवैध मादक पदार्थों और उनके नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी है.
