सतना: घर में अकेले छोडक़र माता-पिता का रिश्तेदारी में चले जाना नाबालिग बेटे को इस कदर नागवार गुजरा कि उसने अपना घर ही छोड़ दिया. लंबी तलाश के बाद बालक को उप्र के कानपुर से खोज निकाला गया.रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी पिता द्वारा अपने नाबालिग बालक के अचानक कहीं चले जाने की शिकायत की गई थी.
पिता द्वारा इस बात की आशंका भी जताई गई थी कि कोई व्यक्ति बहला फुसलाकर उसके बेटे को अपने साथ ले गया है. शिकायत मिलने पर थाना प्रभारी द्वारा थाना स्तर पर टीम गठित करते हुए बालक की तलाश शुरु कराई गई. काफी समय बीतने पर भी बालक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. लेकिन इसी दौरान पुलिस को तब सफलता मिलती नजर आई जब बालक के कानपुर में होने की जानकारी मिली. लिहाजा बालक के माता पिता को साथ लेकर पुलिस टीम कानपुर रवाना हो गई.
बालक कानपुर में एक वृद्ध महिला के घर में मिला. दस्तयाब करने के बाद पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में बालक ने बताया कि उसके माता और पिता रिश्तेदारी में चले गए थे. लेकिन उन्होंने उसे घर में अकेला छोड़ दिया. जिसे नाराज होकर वह सतना रेलवे स्टेशन पहुंच गया. जहां से ट्रेन पकडक़र वह कानपुर पहुंच गया. जहां पर उसे एक वृद्ध महिला मिलीं, और वह उनके साथ रहने लगा. बालक ने यह भी स्पष्ट किया कि उसके साथ कोई अपराध नहीं हुआ.
