हांगझोऊ (चीन), 08 सितंबर (वार्ता) भारतीय महिला हॉकी टीम ने सिंगापुर के खिलाफ 12-0 की शानदार जीत के साथ महिला एशिया कप 2025 के सुपर 4 में अपनी जगह पक्की कर ली।
भारतीय महिला टीम के लिए नवनीत ने (14वें, 20वें, 28वें) और मुमताज ने (दूसरे, 32वें, 39वें) मिनट में गोलकर हैट्रिक बनाई तथा नेहा ने (11वें, 38वें) मिनट में दो गोल किये। जबकि लालरेमसियामी ने (13वें), उदिता ने (29वें), शर्मिला ने (45वें) और रुतुजा पिसल ने (53वें) मिनट में गोल किये।
भारत के लिए मुमताज दूसरे मिनट में ही गतिरोध तोड़ते हुए गोलकर दमदार शुरुआत की। नेहा ने 11वें मिनट में रिबाउंड पर शानदार गोलकर बढ़त दोगुना कर दी। दो मिनट बाद ही, लालरेमसियामी ने नजदीकी रेंज से एक और गोल करके बढ़त को 3-0 कर दिया। पहला क्वार्टर खत्म होने से पहले नवनीत ने 14वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके स्कोर 4-0 कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में सिंगापुर ने प्रतिरोध दिखाया, लेकिन नवनीत ने 20वें मिनट में एक और ज़बरदस्त गोल करके स्कोर 5-0 कर दिया। भारत ने लगातार दबाव बनाते हुए लगातार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए और तीसरे पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत ने गोलकीपर को छकाते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की और 28वें मिनट में बढ़त को और मज़बूत किया। इसके तुरंत बाद, उदिता ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर संयमित तरीके से गोल करके हाफ टाइम तक भारत को 7-0 की बढ़त दिला दी।
तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम पूरी तरह से नियंत्रण में थी। 32वें मिनट में, लालरेमसियामी ने मुमताज को एक तेज पास देकर स्कोर 8-0 कर दिया। भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले और नेहा ने 38वें मिनट में फिर से गोल दागा। कुछ मिनट बाद, मुमताज ने तीसरी बार गोल दागा, जिससे भारत की मैच में दूसरी हैट्रिक बनी। क्वार्टर के अंत में, भारत ने मुकाबले का अपना 12वां पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। नेहा का ज़बरदस्त शॉट बचा लिया गया, लेकिन शर्मिला ने रिबाउंड पर गोल करके बढ़त 11-0 कर दी।
अंतिम क्वार्टर में, भारत ने दबाव बनाए रखा और रुतुजा पिसल ने 53वें मिनट में एक बेहतरीन डिफ्लेक्शन के साथ स्कोरशीट पर अपना नाम दर्ज करा लिया। सिंगापुर ने सांत्वना गोल की तलाश में ज़ोर लगाया, लेकिन वे गोल नहीं कर पाए क्योंकि भारत ने दबदबा बनाए रखा और पूरे दमखम के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारत का अगला मुकाबला 10 सितंबर को सुपर 4 में पूल ए की दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा।

