नर्मदापुरम। स्थानीय स्तर पर युवाओं को सतत विकास लक्ष्य (SDG) एवं विजन 2047 जैसे राष्ट्रीय महत्व के विषयों से जोड़ते हुए “लक्ष्यार्थ युवा सम्मेलन” का आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विधायक डॉ. सीता शरण शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, एवं भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष जे.के. चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।
विधायक डॉ. सीता शरण शर्मा ने कार्यक्रम में विशेष उद्बोधन देते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, ऊर्जा और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाएं। उन्होंने विजन 2047 एवं SDG को भारत के उज्जवल भविष्य के लिए आवश्यक दिशासूचक मानते हुए युवाओं को जागरूक और सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंतर्गत क्विज़, वाद-विवाद, डिस्कशन फोरम, और विजन डॉक्यूमेंट ड्राफ्टिंग जैसी रचनात्मक प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
