
भोपाल: मध्यप्रदेश की राजनीति में शनिवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। ग्वालियर क्षेत्र से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा और बसपा छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया। यह ऐतिहासिक घटना भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई, जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की मौजूदगी में सभी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
यह दल ग्वालियर के वरिष्ठ नेता साहेब सिंह गुर्जर के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हुआ। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा और बसपा ने जनता को केवल छल और धोखे के अलावा कुछ नहीं दिया। किसानों, युवाओं और गरीबों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा कि अब जनता कांग्रेस से उम्मीद लगाए बैठी है और यही वजह है कि उन्होंने कांग्रेस के संघर्ष और नेतृत्व पर भरोसा जताया।
पटवारी का संबोधन
सदस्यता ग्रहण समारोह में जीतू पटवारी ने कहा कि ग्वालियर से आए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस को नई ऊर्जा दी है। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ पार्टी बदलना नहीं, बल्कि प्रदेश को नई दिशा देने का संकल्प है। भाजपा और बसपा से मोहभंग होना बताता है कि जनता बदलाव चाहती है। अब मोहन यादव सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है।”
कांग्रेस का बढ़ता प्रभाव
ग्वालियर को अब तक भाजपा और बसपा का गढ़ माना जाता रहा है, लेकिन इस घटनाक्रम ने साबित कर दिया कि इन दलों का जनाधार कमजोर हो रहा है। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की कांग्रेस में एंट्री से प्रदेश की राजनीति का माहौल बदल गया है और जनता अब कांग्रेस के पक्ष में खड़ी नजर आ रही है।
