नयी दिल्ली, 06 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली प्रदेश इकाई के पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंप कर छठ महापर्व के पावन अवसर पर व्रतधारियों और श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम बनाने के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष सहायता केन्द्र खोले जाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली भाजपा के कार्यालय मंत्री बृजेश राय, पूर्वांचल मोर्चा प्रभारी विपिन बिहारी सिंह, सह प्रभारी कौशल मिश्रा और मनीष सिंह, महामंत्री संजय तिवारी और विशाल सिंह चंदेल तथा श्री आशीष कुमार शामिल थे।
मोर्चा ने ज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्री वैष्णव के नेतृत्व में ट्रेनों के विशेष फेरों की घोषणा करने के लिए धन्यवाद दिया। ज्ञापन में निवेदन किया गया है कि बिहार चुनाव के वक्त ही छठ महापर्व भी है और दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) सहित आस पास के इलाके जैसे नोएडा, गाज़ियाबाद, मेरठ, सोनीपत, गुड़गांव, फरीदाबाद इत्यादि क्षेत्रों में भी भारी संख्या में पूर्वांचल के लोग रहते हैं और यदि एनसीआर के स्टेशनों से भी ट्रेनों की संख्या बढ़ा दी जाये तो दिल्ली में छठ पूजा यात्रियों की संख्या का दबाव कम हो जायेगा।
ज्ञापन के मुताबिक राजधानी दिल्ली एवं एनसीआर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं के लिए रेलवे मंत्रालय द्वारा अलग से सहायता-सुविधा केंद्र बना दिये जाएं तो इसका बहुत सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
