
पठारी, शहरवासा गावं में 24 एवं 25 अगस्त की दरमियानी रात को हुई हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है. यह हत्या महज 1400 रुपए की लूट के लिए किया गया था. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस को ग्राम शहरवासा के पास खेत में कीचड़ में सनी हुई लाश मिली थी जिसकी शिनाख्ती मृतक देशराज अहिरवार निवासी ग्राम साहिबा के रुप की गई थी. अज्ञात आरोपियों ने देशराज की गला दबाकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच में खुलासा हुआ कि मृतक से 1400 रुपए की लूट को लेकर उसकी हत्या की गई थी. एसपी के निर्देशन में, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी रोशनी सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना पठारी, थाना पथरिया एवं अन्य पुलिस टीमों ने वारदात को अंजाम देना वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जांच के दौरान पुलिस टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का गहन विश्लेषण, लगभग 150 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ तथा विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश की.
