न्यूयॉर्क, 05 सितंबर (वार्ता) भारत के युकी भांबरी और न्यूजीलैंड के माइकल वीनस की जोड़ी को यूएस ओपन के सेमीफाइन में ग्रेट ब्रिटेन के नील स्कुप्स्की और जो सैलिसबरी की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा है। इसी के साथ भारत का टूर्नामेंट में अभियान समाप्त हो गया।
पुरुष युगल वर्ग के सेमीफाइनल में गुरुवार को भांबरी और वीनस की 14वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी को दो घंटे 53 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में छठी वरीयता प्राप्त ग्रेट ब्रिटेन के नील स्कुप्स्की और जो सैलिसबरी की जोड़ी से 6(2)-7(7), 7(7)-6(5), 6-4 से हार का सामना करना पड़ा।
मैच के शुरुआती सेट में, भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले पुरुष युगल टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी और वीनस ने आठवें गेम में ओलंपियन नील स्कुप्स्की और जो सैलिसबरी की सर्विस तोड़ी। हालांकि, भांबरी-वीनस अगले गेम में अपनी सर्विस गंवाकर इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे, जिससे टाई-ब्रेकर तक का रास्ता तय हुआ, जिसे इंडो-न्यूजीलैंड जोड़ी ने आसानी से जीत लिया।
दूसरे सेट में भी भांबरी-वीनस ने शुरुआती गेम में स्कुप्स्की-सैलिसबरी की सर्विस तोड़ी, लेकिन चौथे गेम में ब्रेक पॉइंट को भुनाने में नाकाम रहीं। यह चूक भांबरी-वीनस के लिए महंगी साबित हुई क्योंकि स्कुप्स्की-सैलिसबरी ने अगले ही गेम में वापसी की और कड़े मुकाबले में टाई-ब्रेकर जीत लिया। स्कुप्स्की-सैलिसबरी ने तीसरे सेट के पहले गेम में सर्विस तोड़ी और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
