वाशिंगटन, 04 सितंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी सेनाएं पोलैंड में तैनात रहेंगी और इनकी संख्या बढ़ाई भी जा सकती है। श्री ट्रम्प ने सेनाओं की वापसी की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया।
श्री ट्रम्प ने पोलैंड के नए राष्ट्रपति करोल नवरोकी के साथ व्हाइट हाउस में बैठक के दौरान उनको अपनी सुरक्षा में मदद करने का वादा किया। जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या उनकी योजना नाटो के पूर्वी हिस्से में अग्रिम मोर्चे पर तैनात पोलैंड में अमेरिकी सैनिकों को तैनात रखने की है तो श्री ट्रम्प ने कहा अगर उन्हें जरूरत होगी तो हम वहां और सैनिक तैनात करेंगे।
श्री नवरोकी ने उनके देश के प्रति अमेरिकी राष्ट्रपति की प्रतिबद्धता के लिए उन्हें धन्यवाद कहा। उन्होंने कहा, “ये संबंध मेरे लिए, पोलैंड के लिए, पोलैंडवासियों के लिए बहुत अहम हैं।” पिछले महीने पदभार ग्रहण करने के बाद से श्री नवरोकी की अमेरिका यात्रा उनकी पहली विदेश यात्रा है।

