भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई कटौती के प्रस्ताव की सराहना करते हुए कहा कि यह निर्णय देश की 125 करोड़ जनता के लिए राहत का गुलदस्ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर आमजन, किसान, गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के हित में नीतिगत फैसले ले रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर प्रणाली में सरलता और पारदर्शिता लाने के लिए जीएसटी एक बड़ी पहल थी और अब दरों में कटौती से आम जनता की जेब पर बोझ कम होगा। उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक राहत ही नहीं, बल्कि आम आदमी के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के फैसले का साहस और दिल केवल वही कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी केंद्र सरकार ऐसे निर्णय लेगी जिससे भारत की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी और हर वर्ग का हित सुनिश्चित होगा।
