भोपाल: विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश की 140 करोड़ जनता के हित में ऐतिहासिक कदम उठाया है। अब जीएसटी दरें 4 के बजाय 2 स्लैब में होंगी। 12% और 28% स्लैब हटाकर वस्तुओं को 5% और 18% श्रेणी में रखा गया है, वहीं 40% का नया टैक्स ढांचा बनाया गया है।
तोमर ने बताया कि हेल्थ इंश्योरेंस पर जीएसटी शून्य कर दिया गया है, जिससे आमजन स्वास्थ्य बीमा करा सकेंगे। पनीर, छेना, रोटी, चपाती, परांठा, खाकरा, कैंसर व दुर्लभ बीमारियों की दवाओं पर भी जीएसटी नहीं लगेगा। हेयर ऑयल, साबुन, टूथपेस्ट, शैंपू, साइकिल, टेबलवेयर जैसे सामानों पर टैक्स घटकर 5% हो गया है।
किसानों के लिए राहत देते हुए कृषि उपकरणों, ट्रैक्टर और मशीनरी पर टैक्स 12% से घटाकर 5% किया गया है। तोमर ने इन निर्णयों को नागरिक हितैषी बताते हुए प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को धन्यवाद दिया।
