नयी दिल्ली, 03 सितंबर (वार्ता) रिलायंस समूह की दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो पांच सितंबर को 10वें साल में प्रवेश कर जायेगी और इस अवसर पर ग्राहकों के लिए कई सेलिब्रेशन प्लान की घोषणा की गयी है।
कंपनी ने बुधवार को बताया कि 50 करोड़ जियो यूजर को अनलिमिटेड मनोरंजन वाला वीकेंड प्लान, महीने भर चलने वाला विशेष ऑफर और साल भर चलने वाले सरप्राइज मिलेंगे।
जियो सिम इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए तीन सेलिब्रेशन प्लान लाये गये हैं। एनिवर्सरी वीकेंड ऑफर के तहत 5जी यूजर्स को अनलिमिटेड डेटा मिलेगा। जियो अपने सभी 5जी यूजर्स को पांच से सात सितंबर के बीच यानी आने वाले वीकेंड पर अनलिमिटेड डेटा उपलब्ध कराएगी, चाहे उनका प्लान कोई भी क्यों न हो। सभी 4जी स्मार्टफोन यूजर 39 रुपये के डेटा ऐड-ऑन का विकल्प चुन कर 3जीबी प्रतिदिन 4जी डेटा का आनंद ले सकेंगे।वहीं, 349 रुपये से अधिक के प्लान वाले ग्राहकों के लिए कंपनी महीने भर चलने वाला सेलिब्रेशन प्लान लेकर आयी है। इसके तहत पांच सितंबर से पांच अक्टूबर के बीच में 2जीबी प्रतिदिन और उससे अधिक के दीर्घावधि प्लान पर जियो यूजर्स को अनलिमिटेड 5जी डेटा मिलेगा।
जियो फाइनेंस द्वारा जियो गोल्ड पर दो प्रतिशत अतिरिक्त डिजिटल गोल्ड के साथ ही लोग 3,000 रुपये के सेलिब्रेशन वाउचर भी प्राप्त कर सकेंगे। जियो हॉटस्टार और जियो सावन प्रो का एक महीने का सब्सक्रिप्शन भी मिलेगा। जोमैटो गोल्ड का तीन महीने का और नेटमेड्स फर्स्ट का छह महीने का सब्सक्रिप्शन भी साथ आयेगा। ग्राहक जियो होम के दो महीने के मुफ़्त ट्रायल का फायदा भी उठा सकेंगे। ये लाभ सभी पोस्टपेड ग्राहकों के लिए भी लागू होंगे। वहीं, 349 रुपये से कम के प्लान वाले यूजर्स 100 रुपये का पैक जोड़ कर यह लाभ उठा सकेंगे।सिम यूजर्स के लिए तीसरा ऑफर है, एनिवर्सरी ईयर सेलिब्रेशन जिसमें 349 रुपये के 12 मासिक रिचार्ज समय पर पूरे करने पर 13वें महीने की सेवाये मुफ्त मिलेंगी।
रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन, आकाश अंबानी ने कहा कि जियो लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गया है। यह एक जीवंत डिजिटल समाज को आकार देने में कनेक्टिविटी की ताकत का इस्तेमाल कर रहा है। यह उपलब्धि केवल एक संख्या नहीं है, यह उन लाखों लोगों की सामूहिक आकांक्षाओं को दर्शाती है जिन्होंने डिजिटल आंदोलन में जियो को अपना भागीदार बनाया है। ”
नये होम यूजर्स के लिए पांच सितंबर से पांच अक्टूबर के बीच केवल 1,200 रुपये में दो महीने का नया जियो होम कनेक्शन ऑफर किया जा रहा है। जियो होम सर्विस के तहत 1000 के अधिक टीवी चैनल, 30 एमबीपीएस अनलिमिटेड डेटा, 12 से अधिक ओटीटी ऐप (जियो हॉटस्टार तथा अन्य) का सब्सक्रिप्शन, वाई-फाई-6 राउटर और 4के स्मार्ट सेट टॉप बॉक्स जिआ जा रहा है।
