
दकार, 02 सितंबर (वार्ता) सेनेगल के राष्ट्रपति बासिरू डायोमाये फेय ने सोमवार को अफ्रीका की खाद्य प्रणालियों में बदलाव को गति देने के लिए निवेश बढ़ाने का आह्वान किया।
.
राष्ट्रपति ने राजधानी के समीप डायमनियाडियो शहर में खाद्य प्रणालियों से जुड़े एक समारोह में कहा, ”अफ्रीका में आधुनिकीकरण, जल प्रबंधन, स्थानीय परिवर्तन और डिजिटलीकरण में बड़े पैमाने पर निवेश करना तत्काल आवश्यक है। क्योंकि वहां की कृषि क्षेत्र जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न अप्रत्याशित मौसम की मार झेल रहा है।”
उन्होंने कहा, “जब हम यहाँ एकत्रित हुए हैं, तो लाखों महिलाएँ और पुरुष बरसात के मौसम में खेतों में काम कर रहे हैं। उनमें से अधिकांश अपने हाथों से या साधारण औज़ारों से खेती करते हैं। वे केवल कुछ महीनों की बारिश पर ही निर्भर रहते हैं।”
उन्होंने कहा, “दुनिया के अन्य हिस्सों की तुलना में अफ्रीका में कृषि क्षेत्र अप्रत्याशित मौसम के संपर्क में रहता है, जो जलवायु परिवर्तन और उसके परिणामों के कारण और भी जटिल हो जाता है।”
उन्होंने आगे कहा, “यह स्थिति हमारी उत्पादन क्षमता को गंभीर रूप से प्रभावित करती है। ये सभी कारक हमारे महाद्वीप में भुखमरी और कुपोषण में योगदान करते हैं। इसक साथ ही अफ्रीका को संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्य 2,को भी हासिल करना है जिसका लक्ष्य 2030 तक भुखमरी को समाप्त करना है। लेकिन इस दिशा में भी अभी बाधा है। यह सम्मेलन 5 सितंबर तक चलेगा।
