इंदौर:कनाडिया थाना क्षेत्र में उद्योगपति चिराग जैन की हत्या कर फरार हुआ उसका पार्टनर विवेक जैन अब पुलिस के शिकंजे में आने ही वाला है. उसकी गिरफ्तारी पर घोषित 10 हजार रुपए का इनाम बढ़ाया जा रहा है और संपत्ति कुर्क करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है.घटना सात दिन पहले बिचौली मर्दाना रोड स्थित मिलन हाईट्स में हुई थी. मूल रूप से ग्वालियर निवासी चिराग जैन यहां परिवार के साथ रहते थे.
वर्ष 2012 में उन्होंने सांवेर रोड पर अरिहंत सेल्स के नाम से कारखाना शुरू किया और अपने पुराने मित्र विवेक जैन को 50 प्रतिशत हिस्सेदारी में शामिल किया. कारोबार के लिए बैंक से लोन लिया और कुछ संपत्तियां गिरवी रखी गई थीं. परिजनों ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में दोनों के बीच व्यापार को लेकर विवाद बढ़ा और चिराग ने विवेक की पार्टनरशिप खत्म कर दी.
लेन-देन का पूरा निपटारा कर दिया, लेकिन विवेक इस समाधान से संतुष्ट नहीं था. हत्या के दिन सुबह वह घर से टहलने का बहाना कर निकला और सीधे चिराग के घर पहुंच गया. वहां कहासुनी के दौरान उसने चाकू से हमला कर चिराग की जान ले ली. पुलिस ने आरोपी विवेक जैन पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था, जिसे अब बढ़ाकर 20 हजार किया जाएगा. साथ ही उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि वह दबाव में आकर जल्द सामने आए.
लुकआउट नोटिस जारी
आरोपी विदेश न भाग सके, इसके लिए उसका लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है. पुलिस उसके परिजनों व परिचितों से लगातार पूछताछ कर रही है. मामले में कनाडिया थाना प्रभारी सहर्ष यादव का कहना है कि विवेक के ठिकाने को लेकर कुछ अहम सुराग मिले हैं और शीघ्र ही उसकी गिरफ्तारी संभव है.
