इंदौर: शहर पुलिस ने सोमवार को अपने 10 सेवानिवृत्त अधिकारियों को ससम्मान विदा किया. पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में आयोजित इस समारोह में न केवल पुलिस अधिकारी बल्कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के परिजन भी मौजूद रहे, मौके पर भावुक यादों के साथ पुलिस परिवार ने अपने साथियों को नई पारी की शुभकामनाएं दीं.
कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को श्रीफल, मोमेंटो और पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया. उन्होंने कहा आप सभी ने जनता की सेवा करते हुए अनुशासित विभाग में अपने जीवन का अमूल्य समय दिया है. अब समय है कि आप स्वयं और परिवार को समय दें, स्वास्थ्य का ख्याल रखें और जीवन की नई पारी हंसी-खुशी जिएं.
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय व अपराध मनोज कुमार श्रीवास्तव, डीसीपी मुख्यालय प्रकाश परिहार, एडीसीपी सीमा अलावा, एसीपी संजय सिंह बैस सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. उन्होंने भी सेवानिवृत्त साथियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह रिटायरमेंट नहीं, बल्कि जीवन की नई शुरुआत है. सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों में एसीपी धैर्य सिंह येवले, इंस्पेक्टर राजेन्द्र सिंह चौहान, एसआई हनुमान सिंह, एएसआई विष्णु प्रताप सिंह, भरतलाल, कैलाश गावड़े, प्रधान आरक्षक प्रदीप कुमार, रविन्द्र सिंह कुशवाह, रामनरेश शामिल रहे. समारोह में पुलिस अधिकारियों के परिजनों ने भी अपने अनुभव साझा किए. वहीं सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी सेवाकाल की खट्टी-मीठी यादें सुनाकर सभी को भावुक कर दिया. अंत में डीसीपी मुख्यालय ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि पुलिस परिवार हमेशा आपके साथ है
