जम्मू, (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने आश्वासन दिया है कि बारिश और बाढ़ से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने, इमारतों, सड़कों और अन्य बुनियादी ढाँचे की बहाली के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा और प्रभावित परिवारों को अपना जीवन फिर से शुरू करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
श्री सिन्हा ने एक बयान में कहा, “मैं उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ जिन्होंने इस भीषण प्राकृतिक आपदा में अपने प्रियजनों को खोया है और जिन लोगों को संपत्ति का नुकसान हुआ है।”
उन्होंने आज श्री शाह के साथ जम्मू के बारिश और बाढ़ प्रभावित इलाकों का सर्वेक्षण किया। उन्होंने कहा कि सेना, वायु सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन ने बचाव और राहत कार्यों के लिए हर संभव संसाधन तैनात किए हैं और सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाए गए लोगों को सहायता प्रदान की है।
उपराज्यपाल ने कहा, “असामान्य जलवायु घटनाओं के कारण, जिला स्तर के अधिकारियों को सतर्क रहना चाहिए और चौबीसों घंटे स्थिति पर नज़र रखनी चाहिए। मैं लोगों से सभी सावधानियां बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने का आग्रह करता हूँ।”
