
जलप्लावन से फिर से जूझते दिखे शहरवासी
जबलपुर। अगस्त माह के आखिरी दिन हुई जबर्दस्त बारिश ने एक बार से शहर के निचले इलाकों के रहवासियों के लिए परेशानी का सबब खड़ा किया। आलम ये था कि सड़क जलमग्र हुई और लोगों की दुकानों, घरों में पानी घुस गया। जानकारी के अनुसार बल्देवबाग, हरदौल मंदिर दीक्षितपुरा में लोगों के घरों में पानी घुसने की खबर देर रात से वायरल हुई, जिस पर विधायक अभिलाष पांडे रात में ही मौके पर पहुंचे और उन्होनें नगर निगम के जिम्मेदारों से फोन पर बात करके नाली की सफाई करवाने निर्देश दिए और कहा कि क्षेत्र के नाले-नालियों की सफाई ठीक ढंग से कराएं जिससे बारिश के पानी की निकासी हो और क्षेत्र के रहवासियों को जलप्लावन की समस्या से न जूझना पड़े।
इसके अलावा शहर के अन्य निचले इलाकों में भी यही जलप्लावन के हालात बने रहे और लोग खुद अपने हाथों से घरों का पानी बाहर निकालते फिर से देखे गए। उधर नगर निगम के जिम्मेदारों द्वारा कागज पर हमेशा यही कहा जाता रहा है कि जबलपुर में जलप्लावन की समस्या से शहरवासियों को निजात मिली है लेकिन हकीकत जब सामने आती है तो शहरवासी जलप्लावन से जूझते नजर आते हैं। मौसम विदों की माने तो दक्षिण पश्चिमी मध्यप्रदेश और पश्चिमी राजस्थान के ऊपर सक्रिय चक्रवाती हवाओं के कारण अगले 24 घंटे गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है।
