जबलपुर: गणेश उत्सव और ईद मिलादुन्नवी पर्व को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, ऐसे समय में कुछ अशांतिप्रिय एवं विध्नसंतोषी तत्व सक्रीय रहते है, जो जुलूस आदि के दौरान व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास करते है, ऐसे लोगों पर सतत निगाह रखी जाये। छोटी सी घटना की जानकारी भी लगती है तो तत्काल मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्यवाही करें, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होना चाहिये। सक्रिय गुंडा बदमाशों पर प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जाये।
यह बातें पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने पुलिस कंट्रोलरूम में गणेश उत्सव एवं ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को लेकर जिले में पदस्थ समस्त राजपत्रित एवं थाना प्रभारियों की बैठक लेते हुए कहीं। साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए।उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों से उनके अनुभाग के थानों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम एवं जुलूस की जानकारी ली गयी सभी को निर्देशित किया गया कि जुलूस का जो पारम्परिक रूट है उसी रूट से जुलूस निकाला जायेगा संवेदनशील स्थानों पर फिक्स पिकेट्स लगाये जाये।
आयोजन शान्ति पूर्वक संपन्न हो इसके लिये सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जायेगी। त्यौहारों के दौरान लाऊड स्पीकर का उपयोग जिला प्रशासन के दिशा निर्देशों के अनुसार करना होगा। आयोजकों एवं शांति समिति की ली गयी बैठकों में जो भी सुझाव आये है उस पर अमल करें, जो समस्यायें आयी है उनका निराकरण करें। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 सुश्री पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री अंजना तिवारी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
