छतरपुर। हॉकी के महानायक मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर जिले में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा शासकीय विद्यालय क्रमांक 01 के वॉलीबॉल मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर पार्थ जैसवाल और पुलिस अधीक्षक अगम जैन रहे। सहायक कलेक्टर आशीष पाटिल, एसडीएम अखिल राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शशिकांत अग्निहोत्री, मंडल अध्यक्ष विक्रम यादव सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद जी की छायाप्रति पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। वॉलीबॉल में महाराजा छत्रसाल विश्वविद्यालय की टीम विजेता बनी, जबकि उत्कृष्ट विद्यालय उपविजेता रहा। कबड्डी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट विद्यालय सीनियर टीम विजेता तथा जूनियर टीम उपविजेता रही।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उन्हें प्रोत्साहित किया और विजेता-उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। साथ ही वरिष्ठ खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
अंत में खिलाड़ियों और अधिकारियों को राष्ट्रीय एकता, खेल भावना और अनुशासन बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग, खेल अधिकारी राजेन्द्र कुमार कोस्टा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं नागरिक मौजूद रहे।
