
कटनी। जिले में विद्युत वितरण व्यवस्था की लापरवाही एक बार फिर उजागर हो गई है। बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गाँवों में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। अंधेरा होते ही ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं खेतों में खड़ी फसलों की सिंचाई नहीं हो पाने से किसान चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश न होने से पहले ही फसलें सूखने लगी थीं और अब बिजली न रहने के कारण समय पर सिंचाई भी संभव नहीं हो पा रही। स्थिति यह है कि मवई, चरगवां, धुरी, देवरी, कंचनपुर, करहिया, पथराड़ी, पिपरिया समेत कई गाँवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित है।
क्षेत्रीय विधायक द्वारा भी इस संबंध में विद्युत विभाग को अवगत कराया जा चुका है, बावजूद इसके अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने कलेक्टर दिलीप कुमार यादव एवं विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेते हुए बिजली आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि यदि जल्द बिजली बहाल नहीं हुई तो उनकी फसलें पूरी तरह सूखने के कगार पर पहुँच जाएँगी। ग्रामीण अंचल में स्थिति गंभीर होती जा रही है और लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
