मप्र में अब पर्यटन को प्रमोट करेंगे इन्फ्लुएंसर, कॉन्क्लेव में आज सीएम करेंगे संवाद

नवभारत न्यूज

ग्वालियर। ग्वालियर में आज से प्रारंभ हुई रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में पहले दिन ग्वालियर-चंबल और सागर क्षेत्र की पर्यटन क्षमताओं को पहचानते हुए प्रदेश में पर्यटन निवेश को प्रोत्साहित करने पर गहन मंथन हुआ। कल शनिवार, 30 अगस्त को कॉन्क्लेव के दूसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उपस्थित रहकर टूरिज्म इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों एवं निवेशकों से सीधे संवाद करेंगे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी उपस्थित रहेंगे।

इसी कड़ी में आज शुक्रवार को मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने ग्वालियर-चंबल के टूरिज्म को प्रमोट करने के लिए इन्फ्लुएंसर मीट आयोजित की। इसमें फिल्म अभिनेता फैसल मलिक ने इन्फ्लुएंसर से इंटरक्शन किया। कार्यक्रम में मौजूद मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला और अपर संचालक विदिशा मुखर्जी ने कहा कि ग्वालियर चंबल अंचल में पर्यटन को लेकर अपार संभावना है। यहां ऐतिहासिक धरोहरों के साथ-साथ धार्मिक नगरी मौजूद है, इसलिए हर साल लाखों की संख्या में यहां देश ही नहीं बल्कि विदेशों से टूरिस्ट आते हैं इसलिए इन्फ्लुएंसर पर्यटन विभाग में अहम भूमिका निभाने वाले हैं।

वहीं इन्फ्लुएंसर का कहना था कि वह पहले से ग्वालियर-चंबल के टूरिज्म को प्रमोट कर रहे हैं लेकिन अब सरकार उन्हें नया प्लेटफार्म दे रही है। इस अंचल में पर्यटन विस्तार की दिशा में इस रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव को मील का पत्थर माना जा रहा है। तो वहीं इकोज़ ऑफ़ कल्चर, स्पिरिट ऑफ़ लेगेसी” थीम पर केन्द्रित कॉन्क्लेव पर्यटन निवेश, सांस्कृतिक धरोहर, अनुभवात्मक पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।

*अनुबंध और साझेदारियों से होगा पर्यटन का विकास*

कॉन्क्लेव में पर्यटन विकास को गति देने के लिए कई अहम करार होंगे। होटल, रिसोर्ट, वेलनेस और ईको-टूरिज्म क्षेत्र के निवेशकों को लेटर ऑफ अवॉर्ड प्रदान किए जाएंगे। पारंपरिक संगीतज्ञों, लोक कलाकारों और पर्यटक ग्रामों के कलाकारों की क्षमता निर्माण के लिए ग्वालियर की मान सिंह तोमर यूनिवर्सिटी के साथ एमओयू होगा। इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग और प्रचार-प्रसार के लिए याप डिजिटल, क्रायोन्स एडवरटाइजिंग, ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजे़स लिमिटेड, कॉन्सेप्ट कम्युनिकेशन्स साथ अनुबंध होंगे। इन समझौतों से न केवल निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय समुदाय और कलाकार भी प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।

*नई परियोजनाओं का होगा शुभारंभ*

कॉन्क्लेव में नई परियोजनाओं की शुरुआत भी होगी। इनमें हस्तशिल्पों की मार्केटिंग में संस्था डेलबर्टो महत्वपूर्ण साझेदारी होगी। इस साझेदारी से हस्तशिल्प प्रेमी एक विशेष ई-कॉमर्स प्लेटफ़ॉर्म के जरिए सीधे हमारे कारीगरों से जुड़कर उनके द्वारा तैयार किए गए उत्कृष्ट और प्रामाणिक उत्पाद घर बैठे ही खरीद सकेंगे। इंडिगो और आगा खां फाउंडेशन के सहयोग से सीएसआर के अंतर्गत ग्वालियर किले में संरक्षण, लैंडस्केपिंग और इल्युमिनेशन कार्यों का शिलान्यास होगा। स्वदेश दर्शन 2.0 के अंतर्गत ग्वालियर के फूल बाग में अनुभवात्मक पर्यटन परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। साथ ही मान सिंह तोमर म्यूजिक यूनिवर्सिटी में विकास कार्यों का शिलान्यास किया जायेगा।

*चंबल के मशहूर व्यंजन परोसे गए*

रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में आए मेहमानों को चंबल के मशहूर व्यंजन परोसे गए। खास बात यह कि पूरा भोजन बिना प्याज-लहसुन के पकाया गया।

Next Post

बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने वाली कम्पनी के काम पर तत्काल रोक लगे

Fri Aug 29 , 2025
सीधी । पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मध्य प्रदेश के घरों में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने वाली सउदी अरब की अल्फानार इण्डिया कम्पनी की कार्यप्रणाली की सघन जांच कर ठेका निरस्त करने की मांग मुख्यमंत्री मोहन यादव से की है| उन्होंने कहा कि चूंकि कम्पनी के आला अधिकारी, […]

You May Like