नयी दिल्ली, 29 अगस्त (वार्ता) बल्लेबाज मनदीप सिंह ने टीम के साथ सिर्फ एक सीजन बिताने के बाद 2025-26 घरेलू सीजन से पहले त्रिपुरा छोड़ने का फै़सला किया है।
मनदीप ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “पिछले सीजन में मुझे खेलने का मौका देने के लिए त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन का शुक्रिया। मैंने वहां अपने समय का बहुत लुत्फ़ लिया। मैदान के अंदर और बाहर कुछ बेहतरीन यादें बनीं। टीम को आगामी सीजन के लिए शुभकामनाएं। अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार है।”
मनदीप ने रणजी ट्रॉफी में छह मैच, विजय हजारे ट्रॉफी में छह मैच और सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफी में 2024-25 सीजन के दौरान सात मैच खेले थे।
त्रिपुरा सभी टूर्नामेंट में ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाया लेकिन मनदीप ने अच्छा प्रदर्शन किया।
रणजी ट्रॉफी में उन्होंने नाबाद 124 रन बनाए और पांच अर्धशतक लगाए, पिछले सीजन में उन्होंने हर मैच में पचास रन का आंकड़ा पार किया। विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए, जिसमें बंगाल के खिलाफ उनका सर्वोच्च स्कोर 94 रन था और सैयद मुश्ताक अली टी20 में उन्होंने दो अर्धशतक लगाए।
पंजाब के साथ 15 साल बिताने के बाद मनदीप त्रिपुरा में चले गए थे, जहां उन्होंने अपने पिछले सत्र में टीम को सैयद मुश्ताक़ अली खिताब दिलाया था, जिससे 30 साल का ट्रॉफी सूखा खत्म हुआ था।
अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि वह आगामी सीजन में किस टीम से खेलने जाएंगे।
