इटारसी। नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने जिलवानी स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि 5 से 6 कचरा वाहन आधे से अधिक खाली कचरा लेकर पहुंचे हैं। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से जवाब मांगा, लेकिन संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। नपाध्यक्ष ने मौके से ही शाखा प्रभारी सुरेंद्र रावत को फोन कर नाराजगी जताई और कहा कि शहर में जगह-जगह कचरा फैला है, घरों से समय पर उठाव नहीं हो रहा, जबकि वाहन आधे खाली घूम रहे हैं। इससे न केवल डीजल की बर्बादी हो रही है बल्कि सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
चौरे ने निर्देश दिए कि सभी वाहनों की सख्त निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित हो कि कब, किस वार्ड में, कितनी बार वाहन पहुंचे। उन्होंने बताया कि अब दो जगह कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। एक कर्मचारी सीपीई गेट पर बैठकर हर वाहन की फोटो और समय दर्ज करेगा, जबकि दूसरा जिलवानी ट्रेंचिंग ग्राउंड पर एंट्री करेगा और वाहनों की स्थिति पर नजर रखेगा।
