मनीला, 28 अगस्त (वार्ता) एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने मध्य एशिया क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग सड़क गलियारा-2 के एक महत्वपूर्ण खंड के आधुनिकीकरण में मदद के लिए उज़्बेकिस्तान को 23.31 करोड़ अमेरिकी डॉलर ऋण को मंज़ूरी दी है।
मनीला स्थित बैंक ने गुरूवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्रीय संपर्क में सुधार, यात्रा समय में कमी और पश्चिमी उज़्बेकिस्तान में सड़क सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ाना है।
उज़्बेकिस्तान के लिए एडीबी के कंट्री डायरेक्टर कनोकपन लाओ-अराया ने कहा, “जलवायु परिवर्तन के प्रति सहनशील बुनियादी ढाँचे और उचित परिवहन प्रणालियों को एकीकृत कर, यह परियोजना दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करेगी और समुदायों तथा व्यवसायों के लिए सुरक्षित एवं अधिक कुशल गतिशीलता प्रदान करेगी।”
बैंक ने कहा है कि 1995 में उज़्बेकिस्तान के एडीबी में शामिल होने के बाद से उसने देश को लगभग 14.3 अरब डॉलर के सार्वजनिक क्षेत्र के ऋण, अनुदान और तकनीकी सहायता प्रदान की है।

