मुंबई, 28 अगस्त (वार्ता) अमेरिका में भारतीय उत्पादों पर आयात शुल्क 25 प्रतिशत और बढ़ने के बाद गुरुवार को भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट देखी गयी और सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा लुढ़ककर लगभग तीन सप्ताह के निचले स्तर पर आ गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 705.97 अंक (0.87 प्रतिशत) लुढ़ककर 80,080.57 अंक पर बंद हुआ। यह 08 अगस्त के बाद का निचला स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 211.15 अंक यानी 0.85 प्रतिशत टूटकर 24,500.90 अंक पर आ गया जो 12 अगस्त के बाद का इसका निचला स्तर है।
बाजार में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बिकवाली रही। दो दिन में सेंसेक्स 1,555 अंक और निफ्टी-50 467 अंक उतर चुका है।
सेंसेक्स 39.88 अंक लुढ़ककर 80,754.66 अंक पर खुला लेकिन इसके बाद इसकी गिरावट बढ़ती गयी। अंतिम घंटे के कारोबार में बिकवाली और बढ़ गयी जिससे सूचकांक 80,013.02 अंक तक उतरने के बाद 80,080.57 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की 30 में से 23 कंपनियों के शेयर लाल निशान में बंद हुये। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में सबसे अधिक 2.85 प्रतिशत की गिरावट रही। इंफोसिस का शेयर 1.95 प्रतिशत, पावर ग्रिड का 1.93, टीसीएस का 1.89 और एचडीएफसी बैंक का 1.55 प्रतिशत टूट गया। हिंदुस्तान यूनिलिवर, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा में भी एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, ट्रेंट, सनफार्मा, इटरनल, भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी और आईटीसी से शेयर भी उतर गये।
टाइटन में सबसे अधिक 1.22 प्रतिशत की तेजी रही। एलएंडटी, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एशियन पेंट्स के शेयर भी बढ़त में रहे। निफ्टी-50 सूचकांक 16.25 अंक गिरकर 24,695.80 अंक पर खुला। यह ऊपर 24,702.65 अंक और नीचे 24,481.60 अंक तक गया।
मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा बिकवाली हुई। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.27 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.45 प्रतिशत टूट गया। ज्यादा शेयरों वाले निफ्टी-100 में 0.93 प्रतिशत की गिरावट रही।
एनएसई में टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद को छोड़कर सभी समूहों के सूचकांक लाल निशान में रहे। आईटी, रियलिटी, एफएमसीजी, बैंकिंग, फार्मा, धातु, स्वास्थ्य, तेल एवं गैस और ऑटो समूहों के सूचकांकों में गिरावट रही।
वैश्विक बाजारों में मिश्रित रुख रहा। एशिया में जापान का निक्केई 0.73 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.14 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक 0.81 प्रतिशत की गिरावट में रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.08 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.33 प्रतिशत की गिरावट में कारोबार कर रहा था।

