इंदौर: परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट और हाथापाई तक पहुंच गया. पुरानी रंजिश के चलते हुई इस वारदात में दो भाइयों पर हमला किया गया. पुलिस ने दोनों पक्षों के युवकों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है.अर्जुन माली ने शिकायत दर्ज कराई कि वह कुलकर्णी नगर में आयुष से अपने भाई अजय उर्फ अज्जू के बारे में पूछ रहा था. तभी आयुष और उसके साथ मौजूद कई युवकों ने उस पर हमला कर दिया.
किसी तरह बचकर भागने के बाद अर्जुन को मोहल्ले के लोगों से पता चला कि उसके भाई अजय पर भी हमला किया जा रहा है. जब वह दोबारा मौके पर पहुंचा तो देखा कि सोमनाथ उर्फ चेमा और विनोद सिंहनाथ उसके भाई से हाथापाई कर रहे थे. अर्जुन ने बताया कि बीच-बचाव करने पर आयुष खीची, प्रियांशु उर्फ भय्यू, विकास सिंहनाथ और अन्य युवकों ने उसे लात-घूंसों से पीटा. इसके बाद विकास सैनी, राजेश खीची, अभिषेक चौधरी समेत कई अन्य युवकों ने भी हमला किया. घटना के बाद पुलिस ने अजय और अर्जुन माली की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
