2 कारें, कट्टा, पिस्टल बरामद
ग्वालियर: बिजली के तार जोडऩे को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या करने वाले दो फरार बदमाशों ने पुरानी छावनी थाने में सरेंडर कर दिया। आरोपी तीन महीने से फरार चल रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों से दो कारें, एक पिस्टल और एक देसी कट्टा जब्त किया है।पुलिस इन बदमाशों की लगातार तलाश कर रही थी, लेकिन ये हर बार चकमा देकर भाग निकलते थे। गत रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी शहर में देखे गए हैं। घेराबंदी की जा रही थी, तभी दोनों ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
पुरानी छावनी थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने बताया कि हीरा नगर में 3 महीने पहले बृजमोहन भदौरिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए थे। दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। गत रात सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में फरार दो आरोपी तलवार वाले हनुमान मंदिर के पास देखे गए हैं।
पुलिस उनकी तलाश कर रही थी, तभी दोनों ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।आरोपियों की पहचान तोतू उर्फ शिवप्रताप सिंह पुत्र विनोद सिंह राजावत निवासी पांडरी बाबा मंदिर और शिवम उर्फ कालू पुत्र शेरसिंह तोमर निवासी हीरानगर पुरानी छावनी के रूप में हुई। आरोपियों के पास से कार क्रमांक एमपी 07-जेडएच-9072, स्कॉर्पियों एमपी07जेडवाय-6043 और एक पिस्टल व देसी 315 बोर का कट्टा जब्त किया गया है।
बतादें कि हीरा नगर में राजेश सिंह भदौरिया के घर के सामने ट्रांसफॉर्मर में कुछ लोगों ने अवैध बिजली के तार जोड़े थे। तार जलने के बाद आरोपी शिवप्रताप सिंह उर्फ तोतू, शिवम् तोमर, पंकज सिकरवार, सोम उर्फ प्रकाश तोमर और अंकित परिहार पास के मोहल्ले में बृजमोहन सिंह भदौरिया के घर के सामने दोबारा ट्रांसफॉर्मर से तार जोडऩे लगे।
जब राजेश ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज की, मारपीट की और फायरिंग कर दी। इस हमले में बृजमोहन सिंह को पेट और हाथ में गोली लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था।इस मामले में टीआई पुरानी छावनी संतोष सिंह यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपियों से दो कार, कट्टा, पिस्टल जब्त की है।
