पेरिस, 27 अगस्त (वार्ता) भारत की मिश्रित युगल जोड़ी ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो ने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।
भारतीय जोड़ी ने राउंड ऑफ 32 के 35 मिनट के मुकाबले में आयरलैंड के जोशुआ मैगी और मोया रयान को 21-11, 21-16 से हराया। इस जीत के साथ, वे राउंड ऑफ 16 में पहुंच गए, जहां उनका अगला मुकाबला पांचवीं वरीयता प्राप्त हांगकांग चीन के तांग चुन मान और त्से यिंग सुएट की जोड़ी से होगा।
इससे पहले दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता पी वी सिंधु और 2023 के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय भी दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। प्रणय ने राउंड ऑफ 64 के मुकाबले में फिनलैंड के जोआकिम ओल्डॉर्फ को 47 मिनट में 21-18, 21-15 से हराया। अब उनका सामना राउंड ऑफ 32 में डेनमार्क के एंडर्स एंटनसन से होगा।
सिंधु ने अपने अभियान की शुरुआत मात्र 39 मिनट में 23-21, 21-6 से जीत के साथ की। शुरुआती गेम में कड़ी टक्कर देखने को मिली, स्कोर 21-21 से बराबर रहा, लेकिन सिंधु ने दो अंकों की बढ़त के साथ गेम अपने नाम कर लिया। 2019 की महिला एकल चैंपियन ने दूसरे गेम में शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 अंकों के अंतर से मैच अपने नाम कर लिया। सिंधु का अगला मुकाबला राउंड ऑफ 32 में मलेशिया की करुपाथेवन लेत्शाना से होगा।
मिश्रित युगल में, रोहन कपूर और रुथविका शिवानी गड्डे ने अपने पहले राउंड ऑफ 64 मैच में शानदार प्रदर्शन किया। पहला गेम हारने के बाद इस जोड़ी ने वापसी करते हुए मकाऊ चीन के लियोंग इओक चोंग और वेंग ची एनजी को 47 मिनट तक चले मुकाबले में 18-21, 21-16, 21-18 से हराया और दूसरे दिन का समापन भारत के लिए सकारात्मक रहा। बुधवार को राउंड ऑफ 32 में उनका सामना मलेशिया के चेन तांग जी और तोह ई वेई से होगा।

