छतरपुर। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे न्याय पथ अभियान के तहत कई वर्षों से फरार अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में थाना बड़ा मलहरा पुलिस ने 7 वर्ष पुराने मारपीट एवं एससी-एसटी प्रकरण के स्थाई वारंटी सफीक नट पिता डब्लू नट निवासी वार्ड क्रमांक 9 बड़ा मलहरा को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक श्रद्धा शुक्ला एवं उनकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अभियान के तहत अब तक 430 से अधिक पुराने मामलों में कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास, अपहरण, डकैती, दुष्कर्म, लूट, चोरी, धोखाधड़ी, अवैध हथियार एवं विस्फोटक अधिनियम जैसे गंभीर अपराधों के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों में लगभग 5 लाख रुपये से अधिक इनामी आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं।
पूर्व में भी जिले की विभिन्न थाना पुलिस ने 25 वर्ष पुराने अपहरण व दुष्कर्म प्रकरण, 17 वर्ष पुराने हत्या के प्रयास, 14 साल पुराने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के आरोपी सहित कई वारंटियों को पकड़ा है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी एवं लंबित प्रकरणों के शीघ्र निपटारे के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।
