इंदौर: नगर निगम के कई विकास कार्य गतिहीन होते हैं. इसका नतीजा यह होता है कि शहर की आम जनता को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है. शिकायत होने के बावजूद अधिकारियों द्वारा नजर अंदाज किया जाता है.मामला मालवा मिल से पाटनीपुरा मार्ग के बीच में बनने वाली पुलिया का है. पुरानी पुलिया को हटाकर नई और चौड़ी पुलिया बनाने का कार्य जब आरंभ किया गया था.
तब अधिकारियों द्वारा आसपास के व्यापारियों से कहा गया था कि नब्बे दिनों में पुलिया का कार्य पूर्ण रूप से हो जाएगा. शुरुआती कार्य में गति दिखाई गई लेकिन कुछ ही दिनों बाद पूरा कार्य गतिहीन हो गया. इसी दौरान एक दुखद दुर्घटना में दो पहिया वाहन चालक की जान भी चली गई थी फिर भी नगर निगम अधिकारियों की नींद नहीं खुली. अब निर्माण स्थल पर एक वर्ष में कार्य के पूरे करने का बोर्ड लगा दिया गया है. वर्तमान स्थिति में आधी पुलिया का स्लेब भर गया है जबकि आधी पुलिया पर पिलर तक खड़े नहीं किए गए हैं. अनुमान से लगता है कि एक वर्ष की निश्चित समय सीमा भी लांघ जाएगा.
इनका कहना है
निर्माण कीजिए, बाद में उसका ध्यान भी रखिए. निर्माण कार्य के बाद यातायात में सुधार तो आएगा लेकिन सब्जी और फल फ्रूट वाले ठेले लगा लेंगे तो स्थिति वहीं के वहीं हो जाएगी.
– युसूफ खान
निर्माण का समय अब एक वर्ष बढ़ा दिया गया है. यहां के व्यापारियों की और मुसीबत बढ़ गई है. ग्राहक बिल्कुल आना बंद हो गए हैं. लोगों के खर्च नहीं निकल रहे हैं.
– गुड्डू कुशवाहा
ऑटो चालक और यात्रियों की मुसीबत बढ़ गई है. गलियों में जाम रहता है तो घूम कर जाना पड़ता है. इससे यात्रियों को ज्यादा पैसा लगता है और समय भी व्यर्थ होता है.
– मनोज जोशी
