
सागर। आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला शांति एवं सद्भावना समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी धार्मिक पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाए जाएं। आयोजन समितियां मूर्तियां स्थापित करें और मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
निर्धारित किया गया कि लाखा बंजारा झील में मूर्ति विसर्जन नहीं होगा। नगर निगम मूर्तियों को चकरा घाट पर एकत्र कर चितौरा नदी ले जाएगा, जहां विधि-विधान से विसर्जन होगा।
अपर कलेक्टर अविनाश रावत ने आयोजनों में प्लास्टिक का उपयोग न करने और ईको-फ्रेंडली सामग्री जैसे दोना-पत्तल अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, यातायात और अन्य व्यवस्थाएं प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी। विसर्जन स्थलों पर गोताखोर, नाव सुरक्षा संसाधन और हाइड्रोलिक मशीनें भी तैनात रहेंगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिन्हा ने कहा कि धार्मिक आयोजन कानून-व्यवस्था का पालन करते हुए संपन्न हों। समितियां अपने पदाधिकारियों और सदस्यों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं। सभी चल समारोहों की वीडियो निगरानी होगी। साथ ही, झांकियों की ऊंचाई नियंत्रित रखने और बिजली तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई।
बैठक में नगर निगम उपायुक्त एस.एस. बघेल, संयुक्त कलेक्टर आरती यादव, एसडीएम अदिति यादव, नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप सहित अन्य अधिकारी और शांति समिति सदस्य उपस्थित रहे।
