
बागली। क्षेत्र की बागली प्रगति समिति सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। हाल ही में समिति ने जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को लाखों रुपए की कॉपियां वितरित की थीं। इसके साथ ही समिति ने गर्भवती महिलाओं की समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन को पत्र लिखा और देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह से मिलकर निशुल्क सोनोग्राफी सुविधा की मांग की थी।
प्रशासन ने समिति की मांग को स्वीकार करते हुए सोमवार से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागली में हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के लिए निशुल्क सोनोग्राफी सुविधा शुरू कर दी। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, 110 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें से 15 को सोनोग्राफी के लिए चयनित किया गया। इन महिलाओं की जांच नगर के निजी जोसेफ अस्पताल में पूरी तरह निशुल्क कराई गई।
समिति सदस्य उषा परमार ने बताया कि यह पहल गर्भवती महिलाओं के लिए बड़ी राहत है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल की सुविधाएं और बढ़ाई जाएं तो एक ही दिन में अधिक महिलाओं को इस लाभ से जोड़ा जा सकेगा।
