
जबलपुर। मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में सबसे तेजी से काम हुआ है। आज का दिन भी सौगातों भरा है मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। आज मप्र को दो नए मेडिकल कॉलेज और मिल गए हैं। आदिवासी अंचल सिंगरौली और श्योपुर में मेडिकल कॉलेजों की सौगात आज दी गई है। इसके साथ ही प्रदेश में 4 नए मेडिकल कॉलेजों के पीपीपी मॉडल पर एमओयू हस्ताक्षर भी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में किए गए हैं। एक साल में प्रदेश के भीतर 9 मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की प्रक्रिया अपने आप में बहुत बड़ी बात है। ये सारी बातें सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर प्रवास के दौरान पत्रकारों से कीं। साथ ही उन्होनें कहा कि प्रदेश की जनता बहुत सौभाग्यशाली है जिन्हें देश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे व्यक्तित्व का साथ मिला है।
