आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार में डूबी हुई पार्टी-भजनलाल

नई दिल्ली, (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने आम आदमी पार्टी (आप) को भ्रष्टाचार में डूबी हुई पार्टी बताते हुए कहा है कि यह बहुत ही हास्याप्रद है कि प्रसिद्ध समाजसेवी अन्ना हजारे के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन कर चुके आप के संयोजक एवं

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने के कारण जेल जाना पड़ा।

श्री शर्मा लोकसभा चुनाव प्रचार के तहत गुरूवार को उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा प्रत्याशी योगन्द्र चंदोलिया के समर्थन में दिल्ली के रोहिणी में अपने रोड शो के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस पार्टी ने मुख्यमंत्री कार्यालय में अपनी ही पार्टी की वरिष्ठ नेता के साथ बदतमीजी की, तो दिल्ली की माताओं-बहनों को सुरक्षा कैसे देंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता भाजपा के पक्ष में वोट डालकर इन पाखंडियों को जवाब देगी।

श्री शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व के सबसे बड़े नेता हैं। भारत में पिछले 10 वर्षों में किए गए अभूतपूर्व कार्यों से जनता का उन पर पूरी तरह से विश्वास कायम है। उन्होंने कहा कि मोदीजी ने गरीब कल्याण, सीमा सुरक्षा, देश का विकास करने और आतंकवाद एवं नक्सलवाद को मिटाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं, जिससे पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा है और विश्व भारत को उम्मीद भरी निगाहों से देख रहा है।

श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि यह केवल भ्रष्टाचार एवं तुष्टिकरण की राजनीति करती है। इस पार्टी ने केवल परिवारवाद को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इसके नेता राहुल गांधी की दादी इंदिरा गांधी से लेकर आज इस पीढ़ी राहुल गांधी तक गरीबी हटाओ का नारा दे रहे हैं लेकिन इनका गरीब से कोई सरोकार नहीं है। इस देश में गरीब कल्याण के लिए श्री मोदी न केवल सोचते हैं बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर गरीब की हरसंभव मदद भी करते हैं।

श्री शर्मा के रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा। रोड शो में प्रवासी राजस्थानियों के साथ दिल्ली की जनता श्री शर्मा को अपने बीच पाकर बेहद उत्साहित नजर आई। श्री शर्मा का जगह-जगह मालाओं तथा फूल बरसाकर अभिनन्दन किया गया और इस दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। श्री शर्मा ने रोड शो में भाजपा प्रत्याशी को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाने की अपील भी की।

Next Post

मोदी के स्वागत को बेताब हैं हिमाचल के लोग: ठाकुर

Fri May 24 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email शिमला, (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में जनसभा को संबोधित करने के लिए आ रहे हैं। श्री ठाकुर ने प्रधानमंत्री के हिमाचल […]

You May Like

मनोरंजन