भोपाल: राजधानी में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों के बीच जहांगीराबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के दो ई-रिक्शे बरामद किए हैं। आरोपियों ने लाल परेड मैदान और कमला पार्क क्षेत्र से ये रिक्शे चुराए थे और उन्हें बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार 12 अगस्त को ऐशबाग निवासी सईद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि खराब ई-रिक्शा को उन्होंने लाल परेड ग्राउंड के पास खड़ा किया था, लेकिन अगले ही दिन वह चोरी हो गया। वहीं 14 अगस्त को नंदू शर्मा का ई-रिक्शा भी कमला पार्क से चोरी हो गया।पुलिस ने मामले की जांच के लिए घटनास्थलों और आसपास के करीब 40 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज से संदिग्धों की पहचान कर मुखबिर की मदद से पुलिस ने रमेश राजपूत और रामसिंह यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।इसी बीच, शहर में अन्य इलाकों से भी वाहन चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। जहांगीराबाद निवासी रिजवान अहमद का ई-रिक्शा उस समय चोरी हो गया जब वह मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे। वहीं शाहपुरा, पिपलानी, शाहजहांनाबाद, कोलार और चुनाभट्टी थाना क्षेत्रों से भी बाइक चोरी की शिकायतें दर्ज की गई हैं।
