भोपाल: आज 23 अगस्त, शनिवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर को प्रदेश का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक फ्लाईओवर समर्पित करेंगे। 1052 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह 6.855 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर शहर को नया यातायात स्वरूप देगा और महानगरीय पहचान प्रदान करेगा।
इस फ्लाईओवर की सबसे बड़ी विशेषता रेल मार्ग के ऊपर बना 192 मीटर लंबा सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज है। इसके अलावा परियोजना में रानीताल क्षेत्र में दो और बलदेवबाग क्षेत्र में एक बो-स्ट्रिंग ब्रिज भी शामिल है, जो पूरी तरह स्टील से बने हैं। यह संरचना आधुनिक इंजीनियरिंग का अद्वितीय उदाहरण मानी जा रही है।
फ्लाईओवर शुरू होने से मदनमहल से दमोह नाका तक की दूरी अब मात्र 6 से 8 मिनट में तय होगी, जो पहले 40 से 45 मिनट लगती थी। इससे समय और ईंधन की बचत होगी, प्रदूषण घटेगा और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। यह परियोजना जबलपुर की सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिकता का संगम बनकर शहर की पहचान को नया आयाम देगी।
