खस्ताहाल सड़कों को लेकर कांग्रेसियों ने झाडू लगाकर जताया विरोध

जबलपुर: शहर की बदहाल सड़कों एवं निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस पार्षद दल एवं पश्चिम विधानसभा के समस्त ब्लॉक पदाधिकारियों द्वारा मंगलवार को सूपाताल से मेडिकल मेन रोड तक सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं- कार्यकर्ताओं ने सड़क पर झाड़ू लगाकर अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने कहा कि सूपाताल से मेडिकल मेन रोड का निर्माण हुए महज 8 से 10 महीने ही हुए हैं, लेकिन सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह डामर उखड़ गया है, गिट्टी और बजरी बाहर निकल आई है तथा सड़क पर धूल के गुबार उड़ रहे हैं। इसके चलते राहगीरों, वाहन चालकों एवं आसपास के रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने संदेश दिया कि जनता के पैसों से बनने वाली सड़कें यदि कुछ ही महीनों में बदहाल हो जाएं और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौन रहें, तो कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
महापौर-विधायक से कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने महापौर एवं क्षेत्रीय विधायक से मांग की कि खस्ताहाल सड़कों की तत्काल जांच कराई जाए, दोषी ठेकेदारों एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए तथा घटिया निर्माण वाली सड़कों का पुन: गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए। इस मौके पर कांग्रेसियों ने चेतावनी भी दी कि यदि शहर की सड़कों की स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ और जनता के पैसों की बर्बादी पर रोक नहीं लगी, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी गुड्डु नबी, सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

Next Post

जिम्मेदारों के दावों पर भारी हकीकत, मुंह चिढ़ा रहे गुरंदी बाजार में बने अघोषित डंपिंग प्वाइंट

Wed Sep 2 , 2026
जबलपुर: सड़क किनारे फैला हुआ कचरा, आवारा पशुओं का कचरे के ढेर में मुंह मारना और बीच सड़क पर नियमों का उल्लंघन करते हुए कचरे का खुले में परिवहन… ये सारे नजारे गुरंदी बाजार के पास के थे जिसनें नगर निगम के जिम्मेदारों के स्वच्छता को लेकर किए जाने वाले […]

You May Like

मनोरंजन