
विदिशा। सम्राट अशोक अभियांत्रिकीय संस्थान (एसएटीआई) में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित पांच दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम सम्राट उदय-2025 का समापन जिला पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के मुख्य आतिथ्य में गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ।
अपने प्रेरक उद्बोधन में एसपी काशवानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अब वे माता-पिता की छत्रछाया से निकलकर कॉलेज जीवन की नई यात्रा शुरू कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि अकादमिक्स के साथ-साथ सांस्कृतिक, सामाजिक व खेलकूद गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, लेकिन पढ़ाई की कीमत पर कोई समझौता न करें।
उन्होंने युवाओं से कहा जीवन चुनौतियों से भरा है, इसलिए अपनी बात कहना सीखें। जो नहीं जानते उसे बिना झिझक पूछें। कोर सब्जेक्ट में महारथ हासिल करें, साथ ही सोशल स्किल्स भी विकसित करें। अच्छे इंसान और जागरूक नागरिक बनना ही असली उपलब्धि है।
श्री काशवानी ने अपने कॉलेज जीवन और अनुभव साझा करते हुए छात्रों को प्रेरित किया कि हॉबी को पेशन बनाने का यह सबसे उपयुक्त समय है। उन्होंने नशे से दूर रहने और खेलों में सक्रिय भागीदारी करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही बताया कि पुलिस विभाग, एसएटीआई विद्यार्थियों के साथ मिलकर ट्रैफिक ऐप डेवलपमेंट तथा फॉरेंसिक साइंस व साइबर सिक्योरिटी विषयों पर इंटर्नशिप कार्यक्रम चला रहा है।
इस अवसर पर एसएटीआई निदेशक डॉ. वायके जैन ने छात्रों को अध्ययन और नवाचार पर केंद्रित रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान डॉ. लक्ष्मीकांत मरखेडकर का शुभकामना संदेश भी वाचन किया गया। समापन अवसर पर सरस्वती वंदना, स्वागत भाषण, पांच दिवसीय आयोजन का विवरण तथा विद्यार्थियों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं प्रस्तुत की गईं। अंत में आभार प्रदर्शन प्रो. शीना कुमार ने किया। कार्यक्रम में डीन अकादमिक डॉ. आलोक जैन, डीन आरएंडडी डॉ. जीतेंद्र पाराशर सहित सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
